Sunday 29 January 2012

चूरू जिला संघ शक्ति संगम कार्यक्रम 29.1.2012 समाचार पत्रों से

दैनिक भास्कर, चूरू 
दिनांक - 30.1.2012
संघ का 
आरएसएस के पथ संचलन में घोष के साथ 
बढ़े स्वयंसेवकों के कदम, झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र, 
संगठनों की ओर से जगह-जगह पुष्प बरसाए 

       दंड लिए गणवेशधारी कतारबद्ध स्वयंसेवक और घोष के साथ बढ़ते कदम। इसके साथ ही राष्ट्रप्रेम का संदेश देती भारतमाता की तस्वीर से सजी झांकी। चूरू का माहौल रविवार को राष्ट्रवादी नजारा पेश कर रहा था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन जिस मार्ग से गुजरा लोगों ने फूल बरसाते हुए स्वागत किया। 

       संघ शक्ति संगम के तहत पथ संचलन नागवानों के नोहरे में बौद्धि के बाद शुरू हुआ। डॉ. हेडगेवार व गुरु गोलवलकर के चित्रों से सुसज्जित झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। संचलन पुरानी सड़क, मंडी चौराहा, घंटाघर, सुभाष चौक, नई सड़क, शास्त्री मार्केट व धर्मस्तूप होते हुए वापस नोहरे में पहुंचा। धर्मस्तूप के पास भाजपा की ओर से पूर्व खनिज राज्य मंत्री खेमाराम मेघवाल, पूर्व जिला प्रमुख विजय शर्मा, जिप सदस्य धर्मेंद्र बुडानिया पूर्व प्रधान हरलाल सहारण, धनराज सैनी, बनवारीलाल सांखोलिया, सत्तार खां व असलम हुसैन सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया। इसी क्रम में मंडी चौराहे सुनील भाऊवाला, फतेहचंद सोती, मदनलाल शर्मा, सुरेंद्र जोशी, प्रदीप शर्मा, विष्णुदत्त शास्त्री, सरस्वती आविमं बालिका स्कूल की प्रधानाध्यापिका माया जोशी व स्कूल की अन्य अध्यापिकाएं तथा महिलाओं ने भी पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। 
स्वयंसेवक का सभ्यता और संस्कृति में विश्वास
       अखिल भारतीय सह शारीरिक प्रमुख अनिल ओक ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को अखंड भारत का प्रतीक बताते हुए कहा कि इसका स्वयंसेवक देश को मातृभूमि मानते हुए इसकी सभ्यता और संस्कृति में विश्वास रखता है और जरूरत पडऩे पर इसके लिए प्राणों को न्यौछावर करने को तैयार है। 


       आरएसएस चूरू जिला इकाई की ओर से नागवानों के नोहरे में 'संघ शक्ति संगम' में उन्होंने जीवन मूल्यों को राष्ट्र की पहचान बताते हुए कहा कि इन्हें स्थापित करने के लिए भगवान श्रीराम और भरत ने त्याग और समर्पण की भावना का परिचय दिया है। जीवन मूल्यों का संगम ही देश की संस्कृति होती है। 


       उन्होंने हिंदुओं को देश की पहचान बताते हुए कहा कि इस समाज को संगठित किए बिना देश के विकास और उत्थान की बातें बेमानी है। भगवान श्रीराम को सीता को स्वतंत्र करवाने और भगवान श्रीकृष्ण को पांडवों को राज्य दिलवाने के लिए भी संघर्ष करना पड़ा था। अब वक्त आ गया है कि एक हाथ में शास्त्र और एक हाथ में शस्त्र होना चाहिए।मुख्य अतिथि राजकीय गोयनका उमावि के प्रधानाचार्य मदनलाल शर्मा ने कहा कि संघ के स्वयंसेवक जिस निष्ठा और समर्पण भाव से कटिबद्ध है, वह अनुकरणीय है। अध्यक्षता जिला संघ संचालक विश्वनाथ चौधरी ने की। 


       अतिथियों ने दीप प्रज्वलित व ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 


राजस्थान पत्रिका, चूरू

दिनांक - 29.1.2012


churu news

'संगठन से सुदृढ़ होगा राष्ट्र' 

       चूरू। जोश, उत्साह और उमंग का माहौल। बैण्ड वादन की धुन पर बाल, युवा व बुजुर्ग स्वयंसेवकों की कदमताल, कंधे पर लाठी और जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत। मानो ऎसा लग रहा था कि देश के अनुशासित सिपाही किसी लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हों। शहर की सड़कों पर जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता पथ संचलन पर निकले तो शहर में घुली अबोहवा कुछ ऎसा ही संदेश देती  दिखी। दोपहर ढाई बजे बाद निकाले गए पथ संचलन में बच्चे से लेकर वृद्ध स्वयंसेवकों ने उत्साह से भागीदारी निभाई।
       मुख्य मार्गो से गुजरते समय विभन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया गया। इससे पूर्व मुख्य कार्यक्रम स्थल नागवाणों के नाहरे में अखिल भारतीय सह शारीरिक प्रमुख अनिल ओक ने कहा कि राष्ट्र के सुदृढ़ निर्माण के लिए सभी को संगठन की शक्ति पर बल देना होगा। समाज संगठित नहीं होगा तो देश का ऊंचा उठना मुश्किल है। ओक ने कहा कि कुछ लोग धर्म को निरपेक्ष बताकर भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन यह सत्य है की धर्म अपने आप में सापेक्ष है। इसकी विकृत व्याख्या कर देश की व्यवस्था को चौपट करने का प्रयास कर रहे हैं।
       उन्होंने स्वयंसेवकों से राष्ट्रभावना के साथ समाजसेवा, देशसेवा में योगदान देने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि मदनलाल शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयंसेवकों की संख्या बढ़ाने पर बल दिया।कार्यक्रम में चूरू जिला संघ चालक विश्वनाथ चौधरी भी मंच पर मौजूद थे।
यहां किया स्वागत
       पथ संचलन का राममंदिर के पास धनराज सैनी, नवरत्न प्रजापत, राकेश दुलार, गढ़ चौराहे पर महिला मोर्चा व भाजपा पदाघिकारी, सुभाष चौक पर व्यापारी व महिलाओं, धर्म स्तूप के पास भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाघिकारी सत्तार खान, हारून गुर्जर, इस्माइल खान, पूर्व जिला प्रमुख विजय शर्मा, हरलाल सहारण, धर्मेन्द्र बुडानिया, डा. वासुदेव चावला व अन्य पदाघिकारियों ने स्वागत किया।
स्वयंसेवकों का संगम

       आरएसएस की ओर से निकाले गए पथ संचलन में चूरू, रतनगढ़, सुजानगढ़, तारानगर, सरदारशहर, सादुलपुर से स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सभी स्वयंसेवक एक दूसरे से मिले और राष्ट्र विकास पर चर्चा की।
इन्होंने की शिरकत

       कार्यक्रम में विधायक राजकुमार रिणवा, पूर्व खनिज राज्य मंत्री खेमाराम मेघवाल,  पूर्व विधायक रामेश्वर भाटी, प्रांत प्रचारक गोपाल आर्य, सह प्रांत प्रचारक शिवलहरी, विभाग प्रचारक योगेन्द्र कुमार, तहसील संघ चालक सरदारशहर डा.बनवारीलाल शर्मा, जुगलकिशोर चाचाण तारानगर, नगर संघ चालक डा.बन्नेचंद, साहित्यकार बैजनाथ पंवार, डा.प्रमोद कुमार शर्मा, भवानीशंकर, रामगोपाल, विशाल कुमार, शैलेन्द्र, प्रो. भवानीशंकर शर्मा, ओम सारस्वत, बसंत शर्मा,  भोजराज, पूनमचंद बैद, सुभाष सोनगरा आदि उपस्थित थे।




No comments:

Post a Comment